Bihar
जीएम के बेटे की शादी पर रेल के करोड़ों खर्च? रेस्ट हाउस रेनोवेशन पर उठे गंभीर सवाल
पूर्व मध्य रेल (ECR) के महाप्रबंधक @GM_ECRly के बेटे की शादी के आयोजन को लेकर रेस्ट हाउस के कथित रेनोवेशन पर करोड़ों रुपये खर्च होने के आरोप सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, जीएम के आधिकारिक बंगले को अस्थायी रूप से “रेस्ट हाउस” में परिवर्तित कर दिया गया और शादी से पहले बड़े पैमाने पर मरम्मत, सौंदर्यीकरण व इंटीरियर कार्य कराए गए।
सूत्रों का दावा है कि इन सभी कार्यों पर रेलवे के फंड से भारी राशि खर्च की गई, जबकि इन कार्यों की न तो तत्काल आवश्यकता थी और न ही इनके लिए निर्धारित किसी स्वीकृत मद का स्पष्ट उल्लेख उपलब्ध है।
रेलकर्मियों और जानकारों के अनुसार, इस तरह के निजी आयोजन के लिए सरकारी धन के उपयोग का औचित्य संदिग्ध है और यह रेलवे में वित्तीय अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
जाँच एजेंसियों की चुप्पी भी बनी सवाल
रेलवे के अंदरूनी हलकों में पूछा जा रहा है कि—
यह खर्च किस फंड से किया गया?
क्या इसके लिए कोई आधिकारिक अनुमोदन लिया गया?
रेस्ट हाउस के नाम पर किए गए कार्यों का औचित्य क्या था?
वहीं कर्मचारियों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर हुए खर्च के बावजूद जाँच एजेंसियाँ अब तक मौन हैं, जिससे आरोप और गहराते जा रहे हैं।
वित्तीय अनुशासन पर बड़ा प्रश्न
रेलवे में पहले से ही व्यय नियंत्रण और फिजूलखर्ची पर सख्त दिशानिर्देश लागू हैं, ऐसे में एक निजी विवाह समारोह के लिए सरकारी संपत्ति के उपयोग और करोड़ों की लागत वाले रेनोवेशन को लेकर पारदर्शिता और जिम्मेदारी तय करने की माँग ज़ोर पकड़ रही है।