Bhagalpur
अमित शाह का दावा: पहले चरण में आधे बिहार से RJD का ‘सुपड़ा साफ’, NDA की लहर जारी
बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार चरम पर है। गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भागलपुर जिले के पीरपैंती में एनडीए की एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान में ही आरजेडी का आधे बिहार से सुपड़ा साफ हो गया है और जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर पूरा भरोसा जताया है।
अमित शाह ने कहा कि बिहार की जनता अब जंगलराज के दिनों में लौटना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि “पहले चरण में ही मतदाताओं ने यह संदेश दे दिया है कि बिहार विकास, सुशासन और सुरक्षा की राह पर आगे बढ़ना चाहता है।”
केंद्रीय मंत्री ने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि लालू-तेजस्वी की जोड़ी सिर्फ जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति करती है, जबकि एनडीए सरकार ने गरीबों के कल्याण और बुनियादी ढांचे के विकास पर काम किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले चरणों में भी जनता महागठबंधन को पूरी तरह खारिज कर देगी और 14 नवंबर को फिर से एनडीए की सरकार बनेगी।
शाह की इस सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में उत्साह दिखाया।