Bihar
बिहार चुनाव 2025: पहले चरण में रिकॉर्ड 64.66% वोटिंग, महिलाओं की बड़ी भागीदारी – 1415 लोग हिरासत में
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में इतिहास रच दिया गया है। राज्य की 121 विधानसभा सीटों पर रिकॉर्ड 64.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि यह बिहार के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है।
गुंजियाल ने बताया कि कुल 45,341 मतदान केंद्रों में से 41,943 केंद्रों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 64.64% वोटिंग दर्ज की गई, जबकि फाइनल आंकड़ा थोड़ा और बढ़ सकता है। मतदान के दौरान छिटपुट घटनाओं को छोड़कर माहौल शांतिपूर्ण रहा।
महिलाओं ने दिखाया जोश
चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की वोटिंग दर पुरुषों से अधिक दर्ज की गई, जिसे आयोग ने लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत बताया।
कम ईवीएम बदले, तकनीकी गड़बड़ियां घटीं
पहले चरण में 165 बैलेट यूनिट, 169 कंट्रोल यूनिट और 480 वीवीपैट बदले गए। यह आंकड़ा पिछली बार के मुकाबले कम है। 2020 के विधानसभा चुनावों में जहां 1.87% मशीनें बदली गई थीं, वहीं इस बार केवल 1.21% मशीनें ही बदली जानी पड़ीं।
1415 लोग हिरासत में, 143 शिकायतें दर्ज
एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने जानकारी दी कि मतदान के दौरान 1415 व्यक्तियों को एहतियातन हिरासत में लिया गया। आयोग को अब तक 143 शिकायतें मिलीं, जिनका समय पर निपटारा कर दिया गया।
कुछ इलाकों में मतदान बहिष्कार की सूचनाएं भी सामने आईं, जिनमें बक्सर के ब्रह्मपुर, फतुहा और लखीसराय के सूर्यगढ़ा के कुछ बूथ शामिल हैं।
कुल मिलाकर, बिहार में पहले चरण की वोटिंग शांतिपूर्ण, ऐतिहासिक और अभूतपूर्व रही — जिसने दूसरे चरण से पहले ही चुनावी तापमान बढ़ा दिया है।