Bihar

बिहार चुनाव 2025: सात देशों के प्रतिनिधि पहुंचे मतदान प्रक्रिया देखने, चुनाव आयोग की व्यवस्था से हुए प्रभावित

Published

on

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग गुरुवार को जारी है। इस बीच भारतीय चुनाव आयोग (ECI) के अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम (IEVP) के तहत सात देशों के 16 प्रतिनिधि बिहार पहुंचे हैं, जो पहले चरण के मतदान प्रबंधन और व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं।

इन प्रतिनिधियों में इंडोनेशिया, कोलंबिया, फिलीपींस, फ्रांस, बेल्जियम, दक्षिण अफ्रीका और थाईलैंड के अधिकारी शामिल हैं। बुधवार से शुरू हुए इस दौरे के दौरान उन्होंने ईवीएम जांच केंद्रों का अवलोकन किया और मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा निष्पक्षता को बारीकी से देखा।

इससे पहले मंगलवार को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में IEVP 2025 का उद्घाटन सत्र हुआ, जिसमें सात देशों के सभी 16 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त विवेक जोशी ने इन प्रतिनिधियों से मुलाकात कर भारत की मजबूत और पारदर्शी चुनावी व्यवस्था की जानकारी दी। इस दौरान उन्हें EVM (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) का प्रदर्शन भी दिखाया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने मतदाता सूची तैयार करने, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने और आधुनिक चुनाव प्रबंधन की प्रक्रियाओं पर विस्तार से जानकारी दी।

IEVP कार्यक्रम के माध्यम से चुनाव आयोग विश्व के विभिन्न चुनाव प्रबंधन निकायों (EMB) के साथ सहयोग और अनुभव साझा करता है। 2014 से शुरू हुआ यह कार्यक्रम भारत की चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता, तकनीकी दक्षता और लोकतांत्रिक मजबूती को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर रहा है।

Trending

Exit mobile version