Bihar

बिहार चुनाव से पहले अलर्ट: पलामू-गढ़वा बॉर्डर 48 घंटे के लिए सील, नक्सलियों पर बड़ा अभियान शुरू

Published

on

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होने वाली है। पड़ोसी राज्य झारखंड के पलामू और गढ़वा जिलों से सटे बिहार के गया, औरंगाबाद और रोहतास इलाकों में भी मतदान होगा। इसी को देखते हुए पलामू प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

जोनल आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि बिहार में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अगले 48 घंटे के भीतर पलामू और गढ़वा के सीमावर्ती इलाकों को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों में किसी भी संदिग्ध आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

नक्सल गतिविधियों को रोकने के लिए सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर, बिहार एसटीएफ समेत कई बलों को तैनात किया गया है। बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के मद्देनजर भी सुरक्षा एजेंसियों को चौकस कर दिया गया है।

आईजी शैलेंद्र सिन्हा ने कहा कि मतदान से पहले सीमावर्ती इलाके को पूरी तरह से “सेनेटाइज” किया जाएगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। झारखंड और बिहार की पुलिस ने नक्सली कमांडरों और समर्थकों की सूची साझा की है, जिसके आधार पर एक-एक नक्सली और उनके नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सीमावर्ती सभी चेकपोस्टों पर चौकसी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि वोटिंग से पहले किसी भी नक्सली गतिविधि या अप्रिय घटना को पूरी तरह रोका जा सके।

Trending

Exit mobile version