Bihar

बिहार चुनाव 2025: प्रियंका गांधी का बड़ा हमला — बोलीं, अगर चुनाव निष्पक्ष हुए तो NDA सरकार उखाड़ फेंकी जाएगी

Published

on

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को एक चुनावी सभा में एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि अगर इस बार चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराए गए, तो बिहार की जनता एनडीए सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मौजूदा सरकार ने युवाओं, महिलाओं और गरीबों के हितों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है। उन्होंने कहा, “बिहार की जनता पलायन के लिए मजबूर है, रोजगार के अवसर नहीं हैं, और सरकार को जनता के हित की कोई चिंता नहीं।”

धर्म के नाम पर राजनीति करती है बीजेपी

प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर धर्म के नाम पर वोट मांगने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा विकास की बात नहीं करती, बल्कि लोगों को बांटने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा, “अगर चुनाव निष्पक्ष हुए, तो बिहार की जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी और ऐसी सरकार चुनेगी जो गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए काम करे।”

बीजेपी ने हरियाणा में की ‘वोट चोरी’

प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के उस बयान का भी समर्थन किया जिसमें हरियाणा में कथित रूप से 25 लाख फर्जी वोट पाए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा, “भाजपा ने हरियाणा में पूरी सरकार चोरी कर ली। ऐसी वोट चोरी से जनता के अधिकार छीने जाते हैं और संविधान कमजोर होता है, जिसके लिए महात्मा गांधी और हमारे परिवार के लोगों ने बलिदान दिया।”

पीएम मोदी पर तंज

प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी विपक्षी दलों के पोस्टर में लोगों की फोटो नापने में लगे रहते हैं। वह देश के प्रधानमंत्री हैं, क्या उनके पास और कोई काम नहीं है?” उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति महात्मा गांधी के सिद्धांतों और बिहार के लोगों की विरासत से प्रेरित है।

Trending

Exit mobile version