Bihar
पटना समेत पूरे बिहार में छठ पर्व की धूम, श्रद्धालुओं ने दिया अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ का आज तीसरा दिन पूरे उल्लास और भक्ति के साथ मनाया गया। राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
सुबह से ही घाटों की ओर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजीं, सिर पर दौरा और डलिया में ठेकुआ, फल और नारियल लेकर घाटों तक पहुंचीं।
गंगा के दीघा, कुर्जी, कंगन घाट, कलेक्टरी घाट समेत सभी प्रमुख स्थलों पर छठ गीतों की गूंज सुनाई दी —
> “कांच ही बांस के बहंगिया…”
“पार उतार द एह गंगा मइया…”
पटना प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। एनडीआरएफ की टीमें तैनात रहीं और ड्रोन से भी निगरानी की गई।
इधर भागलपुर, गया, दरभंगा, पूर्णिया, सासाराम और आरा में भी श्रद्धालुओं ने पूरी निष्ठा के साथ सूर्यदेव की उपासना की। कई जगहों पर दीपों से सजे घाटों का दृश्य मनमोहक रहा।
कल सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिनी छठ महापर्व का समापन होगा।