Bihar
बिहार चुनाव 2025: ललन सिंह ने नीतीश कुमार की नाराजगी की अटकलों को बताया अफवाह, महागठबंधन को कहा ‘धोखेबाजों का गिरोह’
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जारी सियासी सरगर्मी के बीच जेडीयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने नीतीश कुमार की नाराजगी की खबरों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पूरी तरह निराधार हैं।
ललन सिंह ने स्पष्ट किया कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और सभी निर्णय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जानकारी और सहमति से लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए मजबूती से चुनाव मैदान में उतर रहा है, किसी तरह की नाराजगी या असहमति जैसी कोई बात नहीं है।”
महागठबंधन पर हमला बोलते हुए ललन सिंह ने कहा कि महागठबंधन ‘धोखेबाजों का गिरोह’ है, जो जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ फैलाकर एनडीए के भीतर मतभेद दिखाने की कोशिश कर रहा है, जबकि सच्चाई इसके विपरीत है।
बिहार में इस बयान के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एनडीए ने एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है, वहीं महागठबंधन नेताओं ने इस बयान को चुनावी ‘डैमेज कंट्रोल’ करार दिया है।