Bihar

नीतीश कुमार का संदेश: महिलाओं की शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा में बिहार बना मिसाल

Published

on

पटनाः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को बिहार वासियों के नाम एक नया संदेश जारी किया और राज्य में महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर कहा कि “2005 से पहले बिहार में महिलाओं के लिए कोई विशेष योजना नहीं थी। लड़कियां स्कूल-कॉलेज जाने से डरती थीं और उनके माता-पिता तब तक परेशान रहते थे जब तक बेटियां घर वापस नहीं लौट आती थीं।”

सीएम नीतीश ने कहा कि 2005 के बाद से सरकार ने महिला शिक्षा और विकास को प्राथमिकता दी, जिससे आज महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पंचायती राज और नगर निकायों में महिलाओं को 50% आरक्षण, तथा सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण दिया गया है। साथ ही पुलिस विभाग में महिलाओं की सबसे अधिक भागीदारी अब बिहार में देखने को मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि हर महिला को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान मिले।” उन्होंने कन्या उत्थान योजना, साइकिल योजना, और कन्या पोशाक योजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि इन प्रयासों से बेटियों का आत्मविश्वास और समाज में उनका स्थान दोनों मजबूत हुए हैं।

उन्होंने यह भी लिखा कि अब राज्य की महिलाएं न सिर्फ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार रही हैं, बल्कि बिहार की प्रगति में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।

Trending

Exit mobile version