Bihar

गिरिराज सिंह का दावा: पहले चरण के बाद महागठबंधन की ‘लुटिया डूब गई’, 14 नवंबर को बनेगी एनडीए सरकार

Published

on

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग संपन्न होने के बाद सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पहले फेज के बाद महागठबंधन की लुटिया डूब चुकी है और हार की हताशा में अब विपक्ष केवल झूठे दावे कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि 14 नवंबर को बिहार में अगली सरकार एनडीए की ही बनने जा रही है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि “जब जीत दूर हो जाती है, तो वोट चोरी का शोर ही एकमात्र सहारा रह जाता है।” उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर हुए हमले को लेकर उन्होंने कहा कि पहले यादव बहुल गांवों में गरीबों को वोट डालने नहीं दिया जाता था, लेकिन अब वो दिन चले गए हैं — अब कोई भी गरीब को वोट देने से नहीं रोक सकता।

जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर पर तंज कसते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि उनकी “दुकानदारी” अब खत्म होने वाली है। उन्होंने कहा कि “पीएम मोदी और सीएम नीतीश की जोड़ी को ही जनता ने वोट दिया है। जनसुराज का सपना कभी पूरा नहीं होगा।”

बेगूसराय में महिलाओं की बड़ी भागीदारी पर गिरिराज सिंह ने कहा कि “महिलाओं ने पुरुषों से 10 प्रतिशत अधिक मतदान कर यह सिद्ध किया है कि उनका अटूट विश्वास पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व पर है।” उन्होंने कहा कि यह मतदान विकसित बिहार की कहानी कह रहा है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार की जनता जंगलराज को लौटने नहीं देगी। उन्होंने एक वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि “जब एक बच्चा कहता है कि तेजस्वी की सरकार आने पर कट्टा लेकर घूमेंगे, तो यह बताता है कि लोग किस दिशा में सोच रहे हैं। माता-पिता अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए एनडीए को ही चुनेंगे।”

केंद्रीय मंत्री ने बिहार की जनता को ऐतिहासिक मतदान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि “महिलाओं और युवाओं का जोश यह साबित करता है कि बिहार आज डबल इंजन की सरकार के साथ आत्मविश्वासी और सुरक्षित माहौल में आगे बढ़ रहा है।”

Trending

Exit mobile version