Jharkhand
हजारीबाग में दीपावली की खुशियों के बीच मातम, तालाब में डूबने से युवक की संदिग्ध मौत
हजारीबाग: दीपावली की रौनक के बीच हजारीबाग जिले के ईचाक थाना क्षेत्र के सिझुआ गांव में मातम पसर गया। गांव के 22 वर्षीय युवक आदित्य राज की तालाब में नहाने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, आदित्य राज दीपावली के अवसर पर अपने दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक पानी में डूब गया। साथी युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे।
ग्रामीणों की सूचना पर ईचाक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।