Bihar
मांझी का लालू पर तीखा हमला, बोले– ‘राजद में धृतराष्ट्र राज, तेजस्वी बने युवराज’
पटना : बिहार की सियासत में बयानबाजी का दौर जारी है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और एनडीए नेता जीतन राम मांझी ने आज पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राजद पर करारा हमला बोला। उन्होंने लालू यादव को “धृतराष्ट्र” बताते हुए कहा कि राजद में परिवारवाद पूरी तरह हावी है।
🔹 “लालू अपने बेटे को युवराज बनाना चाहते हैं”
मांझी ने कहा कि अगर राजद ने अब्दुल बारी सिद्दीकी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया होता, तो आज राजनीति की तस्वीर कुछ और होती। उन्होंने कहा, “लालू यादव पार्टी को परिवार की जागीर बना चुके हैं। उन्हें सिर्फ अपने बेटे को युवराज बनाना है।”
🔹 राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी के छठ पूजा पर दिए गए बयान को लेकर मांझी ने कहा कि “राहुल गांधी बचकाना व्यवहार कर रहे हैं, उनमें गंभीरता की कमी है।” उन्होंने कहा कि “छठ पूजा का अपमान केवल एक त्योहार का नहीं, बल्कि उनके अपने पूर्वजों का भी अपमान है।”
🔹 “राजद प्रत्याशी की हत्या की साजिश, उच्च स्तरीय जांच हो”
पार्टी उम्मीदवार पर हमले की घटना पर मांझी ने कहा कि वे टेकारी जा रहे हैं और प्रत्याशी से मिलकर हालात की जानकारी लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद के लोग गुंडई पर उतर आए हैं, क्योंकि उन्हें हार का डर सता रहा है। मांझी ने कहा, “हमारे उम्मीदवार की हत्या की साजिश रची गई है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।”
🔹 “भ्रम फैलाकर हार की भरपाई नहीं कर पाएंगे”
मांझी ने कहा कि राजद के नेता भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। इसी कारण एनडीए को लोकसभा चुनाव में अपेक्षित सीटें नहीं मिल पाईं। उन्होंने कहा कि इस बार जनता भ्रम में नहीं आएगी। “पीएम मोदी और अमित शाह लगातार बिहार का दौरा कर रहे हैं। इस बार प्रचंड बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी।”
🔹 “नीतीश ही सीएम फेस, तेजस्वी अभी लायक नहीं”
अमित शाह के बयान — “दिल्ली में पीएम और बिहार में सीएम की वैकेंसी नहीं” — पर मांझी ने कहा कि यह बिल्कुल सही बात है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार हमारे मुख्यमंत्री चेहरा हैं, और बीजेपी नेता भी यही कह रहे हैं।”
तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए मांझी बोले, “तेजस्वी अभी सीएम बनने लायक नहीं हैं। उन्हें लोकतंत्र की किताब पढ़नी चाहिए। झूठ और पोस्टरबाजी से कोई जननायक नहीं बनता।”