Bihar
नीतीश सरकार की पहली कैबिनेट बैठक, कई अहम फैसलों पर लगी मुहर
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद आज पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में औद्योगिक और तकनीकी विकास को दिशा देने वाले प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने राज्य में पुरानी बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने और नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए एक व्यापक नीति और कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति दी। सरकार का मानना है कि इससे किसानों, खासकर गन्ना उत्पादकों को बड़ा लाभ मिलेगा और प्रदेश में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इसके साथ ही राज्य को तकनीकी रूप से अग्रणी बनाने के उद्देश्य से ‘बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन’ की स्थापना का भी निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि इस मिशन के माध्यम से राज्य के प्रमुख शहरों को अधिक बेहतर, स्मार्ट और आकर्षक बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार का दावा है कि यह कदम बिहार को डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के नए युग में प्रवेश दिलाएगा।
बैठक में अन्य एजेंडों पर भी चर्चा हुई, जिनके आगामी दिनों में लागू होने की संभावना जताई जा रही है।