Bihar
मुश्किल में महागठबंधन, पीके और तेजू शून्य पर सवार, एनडीए को बढ़त
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में एनडीए भारी बढ़त बनाते हुए स्पष्ट रूप से सत्ता में वापसी की ओर अग्रसर दिख रहा है। चुनाव आयोग द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, एनडीए आराम से बहुमत के आंकड़े को पार कर चुका है, जबकि महागठबंधन की स्थिति कमजोर दिख रही है।
गौरतलब है कि आरजेडी को छोड़ दें तो महागठबंधन का कोई भी दल दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका है, जिससे गठबंधन की चुनावी रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं।
मुख्य मुकाबला NDA बनाम महागठबंधन
243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में इस बार भी मुकाबला मुख्य रूप से सत्तारूढ़ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन के बीच देखा जा रहा है।
एनडीए में जदयू, बीजेपी, लोजपा और हम शामिल हैं, जबकि महागठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस, वीआईपी, वाम दल और IIP ने मिलकर चुनाव लड़ा है।
—
एग्जिट पोल एनडीए के पक्ष में
दूसरे चरण के मतदान के बाद जारी अधिकांश एग्जिट पोल में भी एनडीए की वापसी की भविष्यवाणी की गई थी। हालांकि, कुछ एग्जिट पोलों ने करीबी मुकाबले के संकेत दिए थे।
एग्जिट पोल के अनुसार, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा, जबकि एआईएमआईएम भी सीमांचल में अपेक्षित प्रभाव छोड़ने में असफल दिखाई दे रही है।
हालांकि, अंतिम और आधिकारिक नतीजों का इंतज़ार अभी जारी है।
—
दो चरणों में रिकॉर्ड मतदान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि दूसरे चरण में 122 सीटों पर 68.79% का रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया, जो बिहार के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे अधिक है।
पहले चरण में 65.08% मतदान हुआ था।
दोनों चरणों को मिलाकर कुल 66.90% मतदान दर्ज हुआ, जो पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में 9.6% अधिक है।
इतिहासिक मतदान दर यह संकेत दे रही है कि इस बार मतदाताओं का उत्साह काफी अधिक रहा।