Bihar
बिहार चुनाव 2025: दूसरे चरण से पहले रैलियों का रेला, दिग्गज नेताओं ने झोंकी पूरी ताकत
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग गुरुवार को जारी है, वहीं दूसरे चरण से पहले राज्य में रैलियों का ताबड़तोड़ दौर शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती भी आज बिहार में अपनी रैली को संबोधित करेंगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज अररिया जिले के फारबिसगंज में रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला और केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता के सामने गिनाया। वहीं राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने संयुक्त जनसभाओं में एनडीए सरकार पर बेरोजगारी और महंगाई को लेकर निशाना साधा।
दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होनी है। इस चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में आज 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग हो रही है।
एडीआर और बिहार इलेक्शन वॉच की रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में 43% करोड़पति, जबकि 32% पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं 48% उम्मीदवार स्नातक या उससे अधिक शिक्षित हैं। कुल उम्मीदवारों की संख्या 1302 है, जिनमें से 1297 के हलफनामों का विश्लेषण किया गया है। इनमें 133 महिला उम्मीदवार (10%) शामिल हैं।