Bihar
नालंदा की सभा में राहुल गांधी का नीतीश पर तीखा हमला, बोले– रिमोट मोदी के पास
नालंदा : बिहार विधानसभा चुनाव के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा पहुंचे, जहां उन्होंने एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।
🔹 मजदूरों के पलायन पर नीतीश सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने कहा कि “बिहार के लोग मेहनती हैं, लेकिन उनका श्रम बिहार के विकास में नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों की खुशहाली में लग रहा है।” उन्होंने जनता से सवाल किया कि क्या शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था से वे संतुष्ट हैं।
🔹 सरकारी संपत्तियों की बिक्री का आरोप
राहुल ने मोदी सरकार पर सरकारी संपत्तियों को पूंजीपतियों को बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि रेलवे, सौर ऊर्जा और स्पेक्ट्रम जैसी राष्ट्रीय संपत्तियां अडानी-आंबानी को सौंपी जा रही हैं। उन्होंने छठ पूजा के बहाने यमुना की गंदगी का मुद्दा भी उठाया।
🔹 “PM डरपोक हैं, इच्छा शक्ति की कमी है”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि “PM डरपोक हैं, उनमें इच्छा शक्ति की कमी है।” उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ट्रंप ने उन्हें ऑपरेशन सिंदूर रोकने को कहा था। राहुल ने कहा कि “मोदी बिहार में वोट चोरी में लगे हैं और जनता को ठग रहे हैं।”
🔹 “सरकार बनी तो नालंदा फिर बनेगा शिक्षा का केंद्र”
राहुल गांधी ने कहा कि नालंदा शिक्षा के लिए विश्व प्रसिद्ध रहा है, और अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो नालंदा को फिर से शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार हर जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलेगी।
🔹 जनता से अपील– वोट चोरी से सतर्क रहें
सभा के अंत में राहुल गांधी ने जनता से अपील की कि एनडीए सरकार संविधान को नहीं मानती और वोट चोरी करती है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को इस बार सावधान रहना होगा और बड़ी संख्या में मतदान करना चाहिए।