कोलकाता
विश्वकप विजेता ऋचा घोष को बंगाल सरकार का तोहफा, पुलिस विभाग में नौकरी का प्रस्ताव
सिलीगुड़ी। विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी ऋचा घोष को बंगाल सरकार ने बड़ा सम्मान दिया है। राज्य सरकार ने ऋचा को पुलिस विभाग में नौकरी का प्रस्ताव दिया है। यह जानकारी खुद ऋचा के पिता मानवेंद्र घोष ने साझा की।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से प्रस्ताव मिला है, हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि ऋचा को कौन-सा पद दिया जाएगा। इस पर ऋचा विचार कर जल्द ही अपना निर्णय लेंगी।
मानवेंद्र घोष ने कहा कि ऋचा का बचपन से ही सेना और पुलिस सेवा की ओर विशेष लगाव रहा है। शुक्रवार को अपने गृहनगर सिलीगुड़ी लौटने के बाद उनका जोरदार स्वागत हुआ।
इधर, बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) की ओर से भी ऋचा को ईडन गार्डेंस स्टेडियम में विशेष सम्मान दिया जाएगा। शनिवार को आयोजित समारोह में उन्हें सोने के बल्ले और गेंद से सम्मानित किया जाएगा, जिस पर सौरव गांगुली और झूलन गोस्वामी के हस्ताक्षर होंगे।
यह सम्मान ऋचा घोष की उत्कृष्ट खेल प्रतिभा और देश के लिए उनके योगदान को सलाम करने के रूप में देखा जा रहा है।