Bihar
समस्तीपुर में सड़क पर मिलीं VVPAT पर्चियां, RJD ने चुनाव आयोग पर लगाया गड़बड़ी का आरोप
समस्तीपुर: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच शनिवार को समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र से बड़ा मामला सामने आया है। मतदान के बाद झाखरा और शीतलपट्टी गांव में VVPAT मशीनों से निकलने वाली पर्चियां सड़क पर फेंकी हुई मिलीं। घटना का वीडियो सामने आते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस घटना को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, “समस्तीपुर के सरायरंजन क्षेत्र में KSR कॉलेज के पास सड़क पर भारी संख्या में VVPAT पर्चियां मिलीं। क्या चोर आयोग इसका जवाब देगा?”
आरजेडी ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की जा रही है और यह सब “लोकतंत्र के डकैतों के इशारे पर” हो रहा है।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा और एसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। निर्दलीय प्रत्याशी कुणाल कुमार और राजद प्रत्याशी अरविंद कुमार सहनी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की मांग की।
डीएम रौशन कुशवाहा ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और सरायरंजन थाने में FIR दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि दोषी चुनाव कर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।