Bihar

तेजस्वी पर सम्राट चौधरी का हमला: “लालू यादव ने टॉर्चर कर बेटे को बना दिया सीएम उम्मीदवार”

Published

on

पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री और एनडीए उम्मीदवार सम्राट चौधरी ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने महागठबंधन के सहयोगी दलों पर “टॉर्चर” कर अपने बेटे तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करवाया है।

भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में सम्राट चौधरी ने कहा कि “लालू यादव ने जैसे 15 साल बिहार में राज किया, वैसे ही अब अपने गठबंधन में गुंडागर्दी कर रहे हैं। बिहार की जनता ने राजद को शासन करने का मौका दिया था, लेकिन बदले में लूट, हत्या और भ्रष्टाचार मिला।”

उन्होंने कहा कि आज “पंजीकृत अपराधी” के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लेकर महागठबंधन ने लोकतंत्र को शर्मसार किया है।

“950 करोड़ का चारा घोटाला करने वाले के बेटे को सीएम बनाने का समर्थन”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि “लालू यादव जैसे भ्रष्टाचारी के पुत्र को कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों ने मुख्यमंत्री बनाए जाने का समर्थन दिया है।”
उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा, “जो व्यक्ति 950 करोड़ के चारा घोटाले में दोषी है, उसका बेटा अब बिहार चलाने का सपना देख रहा है।”

तेजस्वी के वादों को अव्यावहारिक बताते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, “वे 2.70 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी देने की बात करते हैं, जबकि बिहार में कुल 22 लाख सरकारी कर्मचारी हैं, जिन पर 85 हजार करोड़ रुपए खर्च होते हैं। अगर तेजस्वी की योजना लागू हो, तो 12 लाख करोड़ रुपए चाहिए होंगे — जबकि बिहार का बजट मात्र 3.17 लाख करोड़ है।”

“तेजस्वी का वादा सिर्फ जनता को भ्रमित करने वाला”

सम्राट चौधरी ने कहा कि “तेजस्वी यादव के वादे अव्यावहारिक और जनता को भ्रमित करने वाले हैं।”
जीविका दीदियों को 30 हजार रुपये वेतन देने की घोषणा पर उन्होंने कहा, “राज्य में 1.36 करोड़ जीविका दीदी हैं, ऐसे में यह दावा पूरी तरह अव्यवहारिक है।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जीविका योजना से महिलाओं को सशक्त बनाया गया है और एक साल में 56 हजार करोड़ का मार्केट तैयार किया गया है।

“बिहार के विकास के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी”

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के विकास और सुविधा के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है।
उन्होंने कहा कि “केंद्र में मोदी सरकार और राज्य में नीतीश कुमार की सरकार के सहयोग से ही बिहार का वास्तविक विकास संभव है।”
भाजपा नेता ने विश्वास जताया कि “बिहार की जनता 6 और 11 नवंबर को मतदान कर महागठबंधन को करारा जवाब देगी।”

इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी डॉ. संजय मयुख, विधान पार्षद अनिल शर्मा और प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल मौजूद थे।

Trending

Exit mobile version