Bihar
सम्राट चौधरी बोले– अब RJD भी मान रही लालू ‘विलेन’; NDA ने तेजस्वी के घोषणा पत्र को बताया झूठ का पुलिंदा
दरभंगा/पटना: छठ पर्व के बाद बिहार में राजनीतिक पारा तेजी से चढ़ गया है। चुनावी माहौल गर्म है और सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। बुधवार को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि अब खुद RJD भी लालू यादव को “विलेन” मानने लगी है, इसलिए उन्हें पार्टी के घोषणा पत्र में जगह नहीं मिली। सम्राट ने दावा किया कि “बिहार का विकास एयरपोर्ट पर उतरते ही दिखाई देता है।”
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने महागठबंधन के घोषणा पत्र को “बेकार” बताया और कहा कि “बिहार की जनता लालू-राबड़ी राज का अंधकार देख चुकी है।” वहीं चिराग पासवान ने ओवैसी की मुस्लिम वोट न देने की अपील पर पलटवार करते हुए कहा कि “हमारी पार्टी ने तो मुसलमान को CM बनाने के लिए भी त्याग किया है, ओवैसी धर्म की राजनीति कर रहे हैं।”
इधर, महागठबंधन ने अपना घोषणा पत्र ‘बिहार का तेजस्वी प्रण’ नाम से जारी किया है। इसमें रोजगार और युवाओं को प्राथमिकता दी गई है। घोषणा पत्र जारी करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि “BJP और भ्रष्ट अफसरों ने नीतीश कुमार को पुतला बना दिया है।” उन्होंने NDA से पूछा कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन है।
महागठबंधन के वादों पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने तीखा पलटवार किया और कहा, “यह घोषणा पत्र नहीं, झूठ का पुलिंदा है। बिहार की जनता मोदी-नीतीश-चिराग-मांझी पर भरोसा करती है।”