Bihar
तेजस्वी यादव का ताबड़तोड़ प्रचार: बोले—पहले हमारी सरकार बनाइए, फिर सरकारी नौकरी पाइए; महिलाओं को ₹30,000 सालाना देने का वादा
बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार अब पूरे जोरों पर है और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार ताबड़तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने अररिया जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों—रानीगंज, जोकीहाट और सिकटी—में महागठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी रैलियां कीं।
रानीगंज में कांग्रेस प्रत्याशी अविनाश मंगलम के समर्थन में लाल जी हाई स्कूल मैदान में आयोजित सभा में तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “बिहार में असली बदलाव तभी आएगा जब रोजगार और शिक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।”
इसके बाद जोकीहाट में राजद प्रत्याशी शाहनवाज आलम के पक्ष में आयोजित सभा में तेजस्वी ने भाजपा और एनडीए पर तीखे प्रहार किए। वहीं, सिकटी विधानसभा क्षेत्र में वीआईपी प्रत्याशी हरिनारायण प्रामाणिक के समर्थन में उन्होंने कहा, “महागठबंधन की सरकार बनते ही बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा पूरा किया जाएगा। पहले हमारी सरकार बनाईये, फिर सरकारी नौकरी पाइये।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए के प्रचार अभियान पर कटाक्ष करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “मैंने अपने हेलीकॉप्टर को ट्रैक्टर बना दिया है। मेरे एक हेलीकॉप्टर के मुकाबले नरेंद्र मोदी ने 30 हेलीकॉप्टर उतार दिए हैं, लेकिन जनता सच्चाई समझती है।” उनके इस बयान पर सभा में मौजूद भीड़ ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया।
महिलाओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने ‘माई-बहन मान योजना’ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर बिहार की महिलाओं के खाते में हर साल ₹30,000 दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और पारिवारिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम होगी।
तेजस्वी यादव की इन सभाओं में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे महागठबंधन कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।