Bihar
तेजस्वी यादव ने राघोपुर से भरा नामांकन, लालू–राबड़ी रहे साथ
पटना, 15 अक्टूबर 2025 — बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने राघोपुर विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद रहीं।
नामांकन के मौके पर राजद समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। लालू–राबड़ी और तेजस्वी तीनों एक साथ मंच पर दिखाई दिए, जिससे राजद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। तेजस्वी ने नामांकन के बाद मीडिया से कहा कि “राघोपुर की जनता ने हमेशा हमारा साथ दिया है, इस बार भी विकास और विश्वास की जीत होगी।”
राघोपुर सीट को यादव परिवार का गढ़ माना जाता है। तेजस्वी ने 2015 और 2020 दोनों चुनावों में यहां से जीत दर्ज की थी। इस बार भी उनकी जीत को लेकर राजद खेमे में पूरा भरोसा जताया जा रहा है।
इधर, जन सुराज पार्टी ने राघोपुर सीट से चंचल सिंह को उम्मीदवार बनाया है। पहले ऐसी चर्चा थी कि जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर खुद इस सीट से चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राघोपुर में मुकाबला दिलचस्प रहेगा, क्योंकि विपक्षी दल इस सीट को प्रतीकात्मक तौर पर तेजस्वी के खिलाफ प्रतिष्ठा की लड़ाई मान रहे हैं।